रायपुर | छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने गरियाबंद जिले के विकासखंड छुरा अंतर्गत घुमकई जलाशय योजना के कार्यों के लिए 74 लाख 66 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
योजना के तहत प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद जलाशय के रूपांकित सिंचाई क्षेत्र में हो रही 81 हेक्टेयर की कमी की पूर्ति की जा सकेगी। इसके साथ ही कुल 150 हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
जल संसाधन विभाग के अनुसार इस परियोजना से क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को समय पर सिंचाई जल उपलब्ध होने से फसल उत्पादन में वृद्धि होगी।
योजना के कार्यों को संपादित कराने के लिए मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। विभागीय अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।