दिशा समिति की बैठक में विकास और जनकल्याण पर जोर, स्वास्थ्य से रोजगार तक 67 योजनाओं की समीक्षा

रायपुर|जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विकास कार्यों की गति तेज करने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने की, जबकि बृजमोहन अग्रवाल सह-अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे। बैठक में टंक राम वर्मा की विशेष उपस्थिति रही।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की 67 जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बढ़ते डायबिटीज मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले ग्रामीणों का अनिवार्य शुगर टेस्ट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की स्वास्थ्य जांच और किडनी-लिवर संबंधी बीमारियों को रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

औद्योगिक विकास को लेकर बैठक में जिले को केवल सीमेंट हब तक सीमित न रखकर सहायक उद्योगों को बढ़ावा देने की बात कही गई। इससे स्थानीय स्तर पर कलपुर्जों का निर्माण होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए वृक्षारोपण और अनुपयोगी खदानों के क्लोजर की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने अंत्योदय के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने मानसून से पहले जलभराव और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए सभी विभागों को पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे पर भी विशेष चर्चा हुई। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती बरतने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर हेलमेट अनिवार्यता लागू करने और भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिले में जल्द ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की जानकारी भी दी गई।

दिशा समिति की बैठक में जल जीवन मिशन, पीएम आवास योजना (शहरी), आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, मनरेगा और मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित 67 योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सभी सरकारी भवनों में 100 प्रतिशत रेन वाटर हार्वेस्टिंग सुनिश्चित करने का लक्ष्य भी तय किया गया। बैठक में विधायक संदीप साहू, इंद्र साव, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *