जांजगीर-चांपा : राज्य में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले में राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने केवा, भादा और नवापारा घाट क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की।
संयुक्त जांच अभियान के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर 5 हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। प्रशासन द्वारा सभी जब्त वाहनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस लाइन जांजगीर में सुरक्षित रखा गया है।
कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में वाहन चालक जोहन कुमार और संतोष मिरी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने कहा कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।