धमतरी | जिले में पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अबिनाश मिश्रा स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
कलेक्टर ने जिले के सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों (SDM) को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर आवश्यकतानुसार कार्यपालिक दंडाधिकारी और फूड इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कालाबाजारी पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन के अनुसार कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ईंधन और घरेलू गैस की कमी संबंधी भ्रामक सूचनाएं फैलाई जा रही हैं, जिसके कारण पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ उमड़ रही है। इससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पेट्रोल पंपों की नियमित मॉनिटरिंग करने और जमाखोरी, कालाबाजारी या नियम उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अमले को भी पूरे मामले पर सतत नजर रखने कहा गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन एवं गैस खरीदें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।