पाली नगर में भव्य ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन, हजार वर्ष पुरानी ऐतिहासिक स्मृति को किया याद

कोरबा। 8 से 11 जनवरी तक मनाए जा रहे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत कोरबा जिले के पाली नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। यह पर्व 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले अभिलिखित आक्रमण के हजार वर्ष की स्मृति में मनाया जा रहा है।

सुबह कार्यक्रम की शुरुआत रुद्राभिषेक से हुई। नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष श्री अजय जायसवाल अपनी धर्मपत्नी के साथ, पार्षदगण और नगर के गणमान्य नागरिकों ने शिवलिंग का विधिपूर्वक अभिषेक कर नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और उन्होंने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया।

रुद्राभिषेक के पश्चात मंदिर परिसर में लगाए गए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक इसे देखा। प्रसारण के बाद आयोजित परिचर्चा में अध्यक्ष श्री अजय जायसवाल और श्री संजय जायसवाल ने सोमनाथ की ऐतिहासिक महत्ता, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता पर प्रकाश डाला।

सायंकालीन सत्र में स्थानीय भजन मंडली द्वारा शिव भजनों की प्रस्तुतियों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय कर दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लिया और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन श्री विशाल मोटवानी द्वारा किया गया। अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सभी उपस्थित जनों, जनप्रतिनिधियों, भजन मंडली और आयोजन टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया।

पाली शिव मंदिर में संपन्न यह आयोजन नगर की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को पुनः उजागर करने वाला साबित हुआ और सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के प्रति आमजन की आस्था को और अधिक प्रगाढ़ करने वाला रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *