नई दिल्ली | नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। 3 मई 2026 को आयोजित इस परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया। अब इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और इसके लिए छात्रों को नया रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। परीक्षा की नई तारीखों की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।
एनटीए की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि छात्रों, अभिभावकों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। बयान में आगे कहा गया, “हमारी प्राथमिकता राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली परीक्षाओं के निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित करना रही है।”
एनटीए ने यह भी बताया कि 8 मई 2026 को इस मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भारत सरकार की मंजूरी के साथ 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का यह फैसला लिया गया।
छात्रों और अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे परीक्षा की नई तिथियों के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार अपडेट देखें।