चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक भयानक सड़क हादसा हुआ। ककीरा के घार क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे एक इनोवा क्रिस्टा अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में 5 गुजरात के टूरिस्ट और एक हिमाचल का ड्राइवर शामिल हैं। घायलों को तुरंत टाडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर किया गया है। यह वाहन मनाली से डलहौजी घूमने जा रहा था।
हादसे के समय क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी, जिससे वाहन पर नियंत्रण खो जाने की आशंका जताई जा रही है। हादसा इतना भयंकर था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। अंधेरे और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में शुरुआती दिक्कतें आईं, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
चंबा पुलिस के SP विजय कुमार सकलानी ने बताया कि सभी शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों में डर और शोक की लहर पैदा कर दी है।