9 साल के बच्चे ने YouTube व्यूज के चक्कर में उड़ाए 1.13 करोड़ रुपये: पापा के क्रेडिट कार्ड से किए विज्ञापन, अब उड़े होश

अमेरिका |  सोशल मीडिया पर छाने और व्यूज बढ़ाने की चाहत कई बार भारी पड़ सकती है, जिसका एक ताज़ा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमेरिका में 9 साल के एक बच्चे ने अपने यूट्यूब चैनल पर व्यूज बढ़ाने के चक्कर में पिता के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 18 हजार डॉलर (लगभग 1.13 करोड़ रुपये) फूंक डाले। इस भारी-भरकम खर्च का पता चलने के बाद बच्चे के पिता सदमे में हैं और उनकी नौकरी पर भी संकट मंडरा रहा है।

पूरा मामला क्या है?

माइक नाम का यह 9 साल का बच्चा ‘माइटी माइक प्लेज़’ (Mighty Mike Plays) नाम से एक यूट्यूब चैनल चलाता है, जिस पर वह ‘माइनक्राफ्ट’ (Minecraft) और ‘रॉब्लॉक्स’ (Roblox) जैसे लोकप्रिय गेम्स के वीडियो अपलोड करता है। अन्य नए क्रिएटर्स की तरह वह भी अपने वीडियो पर कम व्यूज आने से परेशान था।

  • पिता की सलाह का गलत मतलब: परेशान बेटे को उसके पिता ‘डेव’ ने यूट्यूब ऐड कैंपेन चलाने और 20 डॉलर का बजट तय करने का तरीका समझाया था। साथ ही गूगल अकाउंट में डेव का कंपनी क्रेडिट कार्ड पहले से ही लिंक था।

  • खुद संभाल लिया जिम्मा: माइक बजट वाली बात ठीक से समझ नहीं पाया और अगले तीन हफ़्तों तक खुद ही ऐड टूल्स का इस्तेमाल करके धड़ल्ले से कैंपेन चलाता रहा। उसने विज्ञापनों का भुगतान करने के लिए पिता के उसी कंपनी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया।

जब सामने आया 1.13 करोड़ का बिल

जब तक पिता डेव और उनकी कंपनी को इस गलती का अहसास होता, तब तक विज्ञापनों का कुल बिल बढ़कर $118,000 (करीब 1.13 करोड़ रुपये) पहुंच चुका था। डेव को इस बात का पता तब चला जब उन्हें उनकी कंपनी के मैनेजर और फाइनेंस टीम ने मीटिंग के लिए बुलाया। फिलहाल डेव इस बात को लेकर बेहद तनाव में हैं कि उन्हें यह भारी भरकम रकम चुकानी होगी या नहीं और उनकी नौकरी बचेगी या जाएगी।

बच्चे को क्या फायदा हुआ?

हालाँकि, इस वाकये से नौ साल के माइक के चैनल को जबरदस्त रीच जरूर मिल गई। उसके कुछ वीडियो पर करीब 2 लाख व्यूज आ गए, क्योंकि यूट्यूब यूजर्स के फीड में माइनक्राफ्ट और रॉब्लॉक्स के लंबे विज्ञापन लगातार दिखाई दे रहे थे।

यह घटना उन सभी अभिभावकों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो अपने बच्चों के गैजेट्स या यूट्यूब अकाउंट्स के साथ अपने क्रेडिट/डेबिट कार्ड लिंक रखते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *