एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी के 31 प्रशिक्षुओं को मिला रोजगार, शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज़ में हुआ चयन

भांसी/दंतेवाड़ा: एनएमडीसी डीएवी आईटीआई, भांसी में आयोजित वर्चुअल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 31 प्रशिक्षुओं का चयन शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, भिलाई (छत्तीसगढ़) के लिए हुआ है। यह उपलब्धि संस्थान के प्रशिक्षुओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

11 जुलाई 2026 को शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, भिलाई के सहयोग से एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में वर्चुअल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की गई। इसमें संस्थान के अंतिम वर्ष के सभी प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के तहत पहले ऑनलाइन टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें सफल उम्मीदवारों का कंपनी के अधिकारियों द्वारा वर्चुअल इंटरव्यू लिया गया। प्रक्रिया के अंतिम चरण में कुल 31 प्रशिक्षुओं का चयन किया गया।

इस अवसर पर चयनित प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए एनएमडीसी बचेली के परियोजना प्रमुख श्री श्रीधर कोडाली ने कहा कि एनएमडीसी का निरंतर प्रयास स्थानीय युवाओं को विश्वस्तरीय तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें देश के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्थान द्वारा प्रदान किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उद्योग जगत के विश्वास का परिणाम है।

संस्थान के प्राचार्य कमलेश साहू ने चयनित प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनएमडीसी डीएवी आईटीआई में उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रशिक्षु को आत्मनिर्भर बनाना और उनके लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्राचार्य ने इस सफल आयोजन के लिए शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के अधिकारियों, संस्थान के प्लेसमेंट सेल एवं सभी कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *