गरियाबंद : कल जिले के कुकदा डेम में बड़ा हादसा हो गया। यहां पिकनिक मानाने पहुंचे 3 लोग डेम में डूब गए। तीनों का शव बरामद कर लिया गया है। हादसे पर सीएम भूपेश ने गहरा शोक प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि ‘कुकदा डैम में अजीम प्रेम जी फाउंडेशन के 3 कर्मचारियों के डूबने का हादसा दुखद है। एक साथी की तलाश जारी है। जबकि 2 लोगों का शव मिला है। ईश्वर मृतकों के परिवारजनों एवं चाहने वालों को यह दुःख सहने की हिम्मत प्रदान करें। ॐ शांति:’

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को रायपुर, धमतरी व कांकेर निवासी 10 युवक व युवतियां गरियाबंद जिले के कुकदा डैम पहुंचे थे। सभी एक निजी एनजीओ में काम करते हैं। पिकनिक के दौरान युवक-युवतियां नहाने के लिए बांध में उतर गए। राकेश, लक्ष्य और रीता गहरे पानी में चले गए।
तीनों को डूबता देख साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस व जिला प्रशासन की मौजूदगी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सबसे पहले युवती को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही मामला का जांच
थाना प्रभारी भूषण चंद्रकार ने बताया कि शाम तक दो अन्य युवकों के शव भी बांध से निकाले गए। हादसे में रायपुर निवासी लक्ष्य वर्मा, धमतरी जिले के मगरलोड निवासी रीता कुमारी साहू और कांकेर निवासी राकेश तेता की मौत हो गई है।
यह सभी लोग एक NGO में काम करते थे। सूचना मिलने के बाद तत्काल बचाव दल, नगर सेना के कर्मचारी के साथ पुलिस की टीम पहुंची। करीब डेढ़ बजे युवती का शव मिला। शाम तक डूबे दो अन्य युवकों के शवों को बांध से निकाल लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना कर रही है।