नई दिल्ली । स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और जेल सेवाओं के 1,057 कर्मियों को गैलेंट्री और सर्विस मेडल से सम्मानित करने की घोषणा की है। इनमें 301 गैलेंट्री मेडल, 92 प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस (PSM) और 664 मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM) शामिल हैं।
301 कर्मियों को गैलेंट्री मेडल
घोषित 301 गैलेंट्री मेडल में 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस कर्मी शामिल हैं। इनमें 197 कर्मी वामपंथी उग्रवाद (LWE) प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहे हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के 51, नॉर्थ-ईस्ट के 12 और अन्य क्षेत्रों के 41 कर्मियों को भी वीरता पदक प्रदान किया गया है।
गैलेंट्री मेडल उन कर्मियों को दिया जाता है, जिन्होंने लोगों की जान बचाने, संपत्ति की सुरक्षा करने, अपराध रोकने या अपराधियों को पकड़ने के दौरान असाधारण साहस और बहादुरी का परिचय दिया।
92 को प्रेसिडेंट्स मेडल, 664 को मेरिटोरियस सर्विस मेडल
सरकार ने 92 कर्मियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस प्रदान किया है। इनमें 83 पुलिसकर्मी, 4 फायर सर्विस कर्मी, 3 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड कर्मी और 2 करेक्शनल सर्विस कर्मी शामिल हैं।
वहीं, 664 कर्मियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया है। इनमें 606 पुलिसकर्मी, 28 फायर सर्विस कर्मी, 18 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड कर्मी तथा 12 करेक्शनल सर्विस कर्मी शामिल हैं।
CBI के 21 अधिकारी-कर्मचारी भी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर CBI के 21 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें 6 अधिकारियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस और 15 को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस प्रदान किया गया है।
PSM प्राप्त करने वालों में शोभा दत्ता, मनोज बनर्जी, गिन्नी राणा, संजय कुमार समाल, रमेश चंद और मदन लाल धीमान शामिल हैं। वहीं MSM पाने वालों में DSP, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, हेड कॉन्स्टेबल, कॉन्स्टेबल सहित कानूनी और तकनीकी स्टाफ शामिल हैं।
सम्मानित CBI अधिकारी-कर्मचारी दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कोलकाता, जयपुर, पटना, चंडीगढ़, मदुरै और बेंगलुरु समेत देश की विभिन्न इकाइयों में सेवाएं दे रहे हैं। इन पदकों के माध्यम से जांच, कानून, तकनीक, प्रशासन और फील्ड ड्यूटी में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानित किया गया है।