रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने कबीरधाम जिले में विभिन्न सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 15 करोड़ 86 लाख 8 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। स्वीकृत राशि से जिले में जलाशयों और नहरों के मरम्मत, जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग सहित अन्य जरूरी कार्य किए जाएंगे।
इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद जिले में कुल 375 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त/बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।
नरसिंहपुर जलाशय के लिए 1.71 करोड़ रुपये
नरसिंहपुर जलाशय के शीर्ष कार्य एवं नहरों के मरम्मत कार्य के लिए 1 करोड़ 71 लाख 47 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूरा होने के बाद 45 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
कामठी जलाशय की नहरों की होगी लाइनिंग
पंडरिया विकासखंड के कामठी जलाशय की नहरों के लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 82 लाख 98 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। योजना का कार्य पूरा होने पर 112 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
इसी विकासखंड के मोहपार जलाशय के शीर्ष कार्य एवं नहरों के जीर्णोद्धार और लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 99 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 95 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।
दमऊनाला व्यपवर्तन और छिरहा डायवर्सन के कार्य भी शामिल
सहसपुर लोहारा विकासखंड में दमऊनाला व्यपवर्तन की नहर लाइनिंग के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद 75 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं, छिरहा डायवर्सन के गेट उन्नयन, नहर लाइनिंग और पक्की संरचनाओं के निर्माण के लिए 1 करोड़ 31 लाख 72 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस कार्य के पूरा होने पर 48 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी।
जल संसाधन विभाग के अनुसार, इन योजनाओं के माध्यम से जिले में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ जल संरचनाओं और नहरों की कार्यक्षमता में सुधार किया जाएगा।