फिलीपींस सीनेट में ताबड़तोड़ फायरिंग, सांसद रोनाल्ड डेला रोजा की गिरफ्तारी को लेकर तनाव

मनीला। फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित सीनेट भवन में बुधवार को गोलीबारी की घटना ने हड़कंप मचा दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीनेट परिसर के पास 12 से अधिक गोलियों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और कमरों में छिपने के निर्देश दिए गए।

यह घटना उस समय हुई जब अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) द्वारा वांछित सांसद रोनाल्ड डेला रोजा को गिरफ्तार करने की कोशिश की। डेला रोजा पर मानवता के खिलाफ अपराध का आरोप है।

सीनेट अध्यक्ष एलन पीटर कायतानो ने कहा, “हम पर हमला हो रहा है। राष्ट्रीय जांच ब्यूरो (NBI) के कुछ अधिकारी सीनेट परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। सभी लोग अपने-अपने कमरों में बंद हैं।”

जानकारी के अनुसार, डेला रोजा पिछले कुछ दिनों से सीनेट परिसर में शरण लिए हुए हैं और उन्हें सीनेट नेतृत्व द्वारा प्रोटेक्टिव कस्टडी प्रदान की गई है। इससे पहले भी NBI अधिकारियों और सीनेट सुरक्षा कर्मियों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

डेला रोजा राष्ट्रीय पुलिस के पूर्व प्रमुख हैं और उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को लागू किया था, जिसमें हजारों संदिग्ध मारे गए थे। ICC ने उन पर जुलाई 2016 और अप्रैल 2018 के बीच कम से कम 32 व्यक्तियों की हत्या के लिए मानवता के खिलाफ अपराध का आरोप लगाया है।

घटना के बाद सीनेट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *