रायपुर। राजधानी रायपुर में युवाओं को प्रेरणा, नवाचार और सफलता की नई राह दिखाने के उद्देश्य से आयोजित ‘रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव 2026’ एवं ‘रोलबोल टॉक्स’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। जेल रोड स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (मेकाहारा) के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी सफल हस्तियों ने युवाओं के साथ अपने अनुभव और संघर्ष की कहानियां साझा कीं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य की नींव हैं और राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरुखुशवंत साहेब भी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
चिराग पासवान ने युवाओं को दिया ‘राइट चॉइस’ का मंत्र
कार्यक्रम के प्रमुख वक्ताओं में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान रहे। उन्होंने युवाओं को जीवन में सही निर्णय लेने की सीख देते हुए कहा कि जिंदगी में कितने विकल्प मिलते हैं, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति उनमें से कौन सा विकल्प चुनता है।
अपने व्यक्तिगत संघर्ष को साझा करते हुए उन्होंने पिता और दिवंगत नेता रामविलास पासवान के निधन के बाद आए कठिन दौर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय उनके सामने परिस्थितियों के आगे झुकने या संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने के विकल्प थे और उन्होंने आगे बढ़ने का फैसला किया।
चिराग पासवान ने युवाओं से मुश्किल परिस्थितियों में हार नहीं मानने और सोच-समझकर निर्णय लेने का आह्वान किया।
दर्शन कुमार ने सुनाई संघर्ष से सफलता तक की कहानी
‘द कश्मीर फाइल्स’ फेम अभिनेता दर्शन कुमार ने युवाओं को ‘नेवर गिव अप’ का मंत्र दिया। उन्होंने दिल्ली के थिएटर और स्टेज शो से शुरू हुए अपने सफर से लेकर मुंबई में संघर्ष तक की कहानी साझा की।
उन्होंने बताया कि मुंबई में उन्होंने कई ऑडिशन दिए और लगातार रिजेक्शन का सामना किया, लेकिन मेहनत जारी रखी। लंबे संघर्ष के बाद उन्हें पहला टीवी सीरियल मिला और इसके बाद फिल्मी दुनिया में पहचान मिली।
दर्शन कुमार ने कहा कि जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहेंगे, लेकिन मेहनत और लक्ष्य पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है।
आदित्य राज कौल ने दिया एकजुटता का संदेश
वरिष्ठ पत्रकार और राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ आदित्य राज कौल ने युवाओं से देश की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जाति और धर्म की दीवारों से ऊपर उठकर एकजुट होकर काम करना जरूरी है।
उन्होंने युवाओं की एकजुटता को देश की सबसे बड़ी ताकत और सुरक्षा का आधार बताया।
दीपक संघवी ने समझाया ‘हैमलेट फॉर्मूला’
निलोन्स के CMD दीपक संघवी ने अपने जीवन और कारोबारी सफर की प्रेरक कहानी साझा की। कम उम्र में पिता को खोने के बाद शून्य से कारोबार खड़ा करने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने युवाओं को निर्णय लेने का एक अनोखा फॉर्मूला बताया।
उन्होंने इसे ‘हैमलेट फॉर्मूला’ (Hat, Haircut, Tattoo) नाम दिया। उनके अनुसार कुछ फैसले टोपी की तरह आसानी से बदले जा सकते हैं, कुछ फैसलों में बदलाव के लिए समय लगता है, जबकि कुछ फैसले टैटू की तरह जीवनभर के लिए होते हैं। इसलिए जिंदगी और कारोबार में किसी भी बड़े निर्णय से पहले उसके प्रभाव और परिणामों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
संगीत, बिजनेस और डिजिटल जगत की हस्तियों ने बढ़ाई शोभा
कॉन्क्लेव में संगीत, कला, बिजनेस और डिजिटल मीडिया से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने भी हिस्सा लिया। इनमें बॉलीवुड संगीतकार मोंटी शर्मा, उद्यमी एवं ऑरिया लंदन के सह-संस्थापक शोनक शर्मा, डिजिटल क्रिएटर्स अमर सिरोही, शिखर चौधरी और देवांश सेठी तथा फिल्म निर्देशक दीपक गर्ग शामिल रहे।
इन हस्तियों ने भी युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।
‘रेस्ट ऑफ लाइफ, बेस्ट ऑफ लाइफ’ है रोलबोल का संकल्प
रोलबोल के संस्थापक दर्शन सांखला ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रोलबोल का उद्देश्य युवाओं को ऐसे सकारात्मक विचारों और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से जोड़ना है, जो उन्हें अपनी वास्तविक क्षमता पहचानने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि रोलबोल पिछले कई वर्षों से ‘रेस्ट ऑफ लाइफ, बेस्ट ऑफ लाइफ’ के संकल्प के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में काम कर रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थापक दर्शन सांखला, कन्वीनर राकेश नवलखा सहित आकाश साहू, नमन कोरी, नीलेश सांखला, अमीषा जैन, सृष्टि यादव, शशांक निगम, अभिषेक पांडे, अनुप मुंद्रा, यश कुकरेजा, शिवरतन गुप्ता और पूरी रोलबोल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन ने रायपुर में युवाओं के लिए प्रेरणा और सकारात्मक संवाद का एक यादगार मंच तैयार किया।