योग बने जनआंदोलन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से की अपील

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

मुख्यमंत्री रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संजय अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में योग आयोग प्रदेशभर में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा और गांवों, विद्यालयों तथा समाज के हर वर्ग तक योग को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज 176 से अधिक देशों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, जो भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा के प्रति दुनिया के सम्मान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय का गठन किया और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह केंद्र सरकार से किया है। उन्होंने कहा कि राज्य का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध है, जिससे भविष्य में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और राज्य सरकार इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, योग साधक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *