किरंदुल । जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महान विभूतियों के योगदान से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से शहीद कवासी रोड्डा पेद्दा शासकीय महाविद्यालय कुआकोंडा में जनजातीय गौरव दिवस 2026 के अंतर्गत विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर शहीद गुंडाधुर के छायाचित्रों पर पूजा-अर्चना और पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान जनजातीय समाज के वीर महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष से प्रेरणा लेने का संदेश
कार्यशाला के मुख्य वक्ता सामाजिक कार्यकर्ता फगनू राम वेक ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर योद्धाओं के संघर्ष और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को जनजातीय महापुरुषों के जीवन, साहस, त्याग और संघर्ष से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, स्वाभिमान और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों से समृद्ध रहा है।
प्राचार्य ने सांस्कृतिक विरासत के महत्व पर डाला प्रकाश
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविन्द्र कुमार हिरकने ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जनजातीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने समाज के इतिहास, परंपराओं और महान विभूतियों के योगदान को जानना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के जनभागीदारी अध्यक्ष सोमडू कोर्राम तथा विशेष अतिथि किशोर साहू रहे।
हल्बी गीतों से दिखी जनजातीय लोकसंस्कृति की झलक
कार्यशाला के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हल्बी गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। इससे कार्यक्रम में जनजातीय लोकसंस्कृति, परंपरा और कला की सुंदर झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यार्थियों को इतिहास से जोड़ना रहा कार्यशाला का उद्देश्य
कार्यक्रम के संयोजक प्रतीक कारटे रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महान स्वतंत्रता सेनानियों और सामाजिक विभूतियों के योगदान से परिचित कराना तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना विकसित करना रहा।