रायपुर | छत्तीसगढ़ शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लेने और हितग्राहियों से सीधे जुड़ने की पहल लगातार जारी है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ग्राम कुंजनगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और अन्य लाभार्थियों से आत्मीय संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ, उनके अनुभवों और परिवार के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली।
महतारी वंदन और मातृ वंदना योजना की जानी उपयोगिता
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने विशेष रूप से महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं से लंबी बातचीत की। उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं की दैनिक आवश्यकताओं, परिवार के जरूरी खर्चों और मातृत्व काल से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में कितनी मददगार साबित हो रही है।
संवाद के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इन शासकीय योजनाओं से उन्हें न केवल आर्थिक संबल मिला है, बल्कि समाज में उनका आत्मविश्वास भी काफी मजबूत हुआ है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ये योजनाएं महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ मातृत्व और परिवार के बेहतर पोषण स्तर को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से इन योजनाओं के वास्तविक धरातल पर क्रियान्वयन और हितग्राहियों की प्रतिक्रियाओं को सीधे सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे शासन और जनता के बीच का सीधा संवाद और अधिक मजबूत हो रहा है।
ग्राम कुंजनगर में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।