रायपुर। छत्तीसगढ़ के मौसम में फिर से बदलाव हुआ है और उत्तरी हवाओं का आना शुरू हो गया है। इसी वजह से रविवार छह फरवरी तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के आसार है। साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट बनी रहेगी। इसी वजह से ठंड में भी थोड़ी बढ़ोतरी होगी।
शुक्रवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में धूप निकलने के साथ ही हल्के बादल भी छाए रहे। तेज धूप के साथ ही ठंडी हवाएं चलने के कारण गर्मी का अहसास थोड़ा कम रहा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा भी हुई।
रायपुर का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इस साल पिछले वर्ष की तुलना में ठंड ज्यादा पड़ने के कारण गर्म कपड़ों की बिक्री भी 25 फीसद ज्यादा रही।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में अब उत्तरी हवाएं आनी शुरू हो गई है। इसके प्रभाव से ही छह फरवरी तक न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी। इसके साथ ही अधिकतम तापमान भी कम होगा। उन्होंने बताया कि उत्तरी छत्तीसगढ़ में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में दो से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है।