फ्रांस | भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने फ्रांस में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में मुलाकात कर सकते हैं। यह बैठक 15 से 17 जून के बीच फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में आयोजित होगी। माना जा रहा है कि 16 महीने से अधिक समय बाद दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात हो सकती है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को G7 समिट में शामिल होने के लिए विशेष आमंत्रण भेजा है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भी इस सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले हैं, जिससे मोदी-ट्रंप मुलाकात की संभावनाएं तेज हो गई हैं।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, भारत में फ्रांस के दूतावास ने जानकारी दी है कि फ्रांस के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने G7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी की एवियन समिट में भागीदारी की पुष्टि का स्वागत किया गया।
फ्रांस की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों देशों ने G7 के एजेंडे में भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। खास तौर पर वैश्विक आर्थिक असंतुलन, अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और वैश्विक सहयोग जैसे मुद्दों पर भारत के योगदान की सराहना की गई।
बैठक के दौरान मध्य पूर्व की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों देशों ने होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए करीबी समन्वय जारी रखने पर सहमति जताई।
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि फ्रांस में होने वाली G7 बैठक के दौरान मोदी और ट्रंप किन वैश्विक और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा करते हैं। भारत-अमेरिका संबंध, व्यापार, रक्षा सहयोग और इंडो-पैसिफिक रणनीति जैसे मुद्दे संभावित एजेंडे में शामिल माने जा रहे हैं।