‘हमारी बातचीत हमेशा संजोकर रखूँगा…’, शरद यादव के निधन पर भावुक हुए पीएम मोदी

नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री व जनता दल के पूर्व प्रमुख शरद यादव का देहांत हो गया है। शरद यादव के निधन की सूचना उनकी बेटी सुभाषिनी यादव ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उनका अंतिम संस्कार मध्य प्रदेश के होशंगाबाद स्थित उनके पैतृक गाँव में होगा। आज (13 जनवरी) को शरद यादव के पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली के छतरपुर स्थित आवास में रखा गया है। शरद यादव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया है।

शरद यादव बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। गुरुवार (12 जनवरी) को अचेत अवस्था में उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में एडमिट कराया गया। बताया जा रहा है कि उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के चलते हुई है। बेटी सुभाषिनी यादव ने शरद यादव के देहांत की जानकारी फेसबुक व ट्विटर के माध्यम से दी। सुभाषिनी ने बताया कि अंतिम दर्शन के लिए आज उनकी पार्थिव देह को दिल्ली के छतरपुर स्थित आवास में रखा गया है। शरद यादव का अंतिम संस्कार मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में किया जाएगा। दरअसल होशंगाबाद के अंतर्गत आने वाले बंदाई गाँव में ही वर्ष 1947 में शरद यादव का जन्म हुआ था।

वहीं, दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव के देहांत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘शरद यादव के निधन से दुखी हूँ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। शरद यादव डॉक्टर लोहिया के आदर्शों से प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजो कर रखूँगा। उनके परिवार के लोगों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। ॐ शांति।’

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *