रायपुर। राजधानी के इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर सुरक्षा बलों के जवानों और बहनों के साथ रक्षाबंधन का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी। इस भावुक पल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें सगी बहन से बढ़कर एक बहन मिली है।
करीब 800 जवानों को बांधी राखी
कार्यक्रम में स्कूली बच्चियों ने CISF, BSF और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों को राखी बांधी। मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इस दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया।
जवानों के बलिदान को किया नमन
मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि जवानों के संघर्ष और बलिदान से देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जवानों ने बहनों को नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में बड़ा उपहार दिया है।
सीएम ने कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है और वे केवल भाई-भाई हैं, लेकिन आज शहीद जवान की पत्नी माधुरी वर्मा के रूप में उन्हें सगी बहन से बढ़कर बहन मिली है।
68 लाख बहनों के खातों में पहुंचेगी 631 करोड़ की किस्त
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए चल रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 31वीं किस्त के रूप में 68 लाख बहनों के खातों में 631 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
बस्तर के विकास को लेकर सीएम का बड़ा भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर में लंबे समय से अपेक्षित विकास नहीं हो सका, लेकिन अब बस्तर संभाग में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने जवानों के बलिदान और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के बाद क्षेत्र में विकास की गति तेज करने का भरोसा दिलाया।