रायपुर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसके प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में यह बदलाव चक्रीय चक्रवात के कारण हो रहा है।
सोमवार को रायपुर समेत प्रदेश भर का मौसम शुष्क रहा। अब ठंड समाप्त हो गई है और गर्मी में बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो हफ्तों में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही मार्च आखिरी हफ्ते में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अब गर्मी में बढ़ोतरी ही होगी।
सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस साल पूरे फरवरी महीने में ठंड काफी अच्छी पड़ी। इसका असर गर्म कपड़ा बाजार में देखने को मिला। पिछले वर्षों की तुलना में इस साल गर्म कपड़ों कारोबार 25 फीसद तक अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस वर्ष गर्मी भी अच्छी पड़ेगी।
बिलासपुर सबसे गर्म
प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा।