खनिज संपदा को जनकल्याण का माध्यम बनाएंगे: बृजमोहन अग्रवाल

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ को खनिज संपदा के रूप में जो अद्वितीय प्राकृतिक वरदान मिला है, उसे जनकल्याण और प्रदेश के सर्वांगीण विकास का माध्यम बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी रायपुर में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री किशन रेड्डी के साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों की महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता की। बैठक में कोयला और खनिज क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी प्रतिभागियों ने नवाचार, तकनीकी उन्नयन और सतत विकास के जरिए इस क्षेत्र को सशक्त और समृद्ध बनाने को लेकर अपने विचार साझा किए।

चर्चा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को खनिज आधारित उद्योगों का केंद्र बनाना और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करना था। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश की आर्थिक मजबूती और प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने इस क्षेत्र को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए इसके विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। बैठक के उपरांत सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ भोज में शिरकत की, जहां उन्होंने क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *