एल-1, एल-2 भर्ती को लेकर 28 नवंबर को व्यापक आंदोलन की चेतावनी

किरंदुल। एनएमडीसी बचेली-किरंदुल में एल-1, एल-2 भर्ती को लेकर बेरोजगार युवाओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया पर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से युवाओं ने अब व्यापक आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मृणाल राय ने एनएमडीसी प्रबंधन से भर्ती को लेकर तत्काल स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर समय रहते निर्णय नहीं लिया गया तो 28 नवंबर को व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

17 नवंबर को भांसी में बेरोजगार युवाओं की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने का निर्णय लिया गया। बैठक में राजनीतिक, सामाजिक, बुद्धिजीवी, युवा, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों का समर्थन जुटाने पर चर्चा हुई। आंदोलन को दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के आदिवासी एवं गैर-आदिवासी बेरोजगार युवाओं की रोजगार संबंधी मांगों से जोड़ने की बात कही गई।

मृणाल राय ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए वर्षों से संघर्ष करना पड़ रहा है। एनएमडीसी से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार की उम्मीद है, लेकिन एल-1, एल-2 भर्ती लंबे समय से अटकी हुई है। प्रबंधन को युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए भर्ती पर जल्द निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने युवाओं और मातृशक्ति से आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि रोजगार की मांग को लेकर अब आंदोलन ही एकमात्र रास्ता है। 28 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए युवाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *