पहले चरण के लिए मतदान आज : 20 सीटों में 50-50 के आसार

thethinkmedia@ रायपुर

छत्तीसगढ में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की 20 सीटों पर आज मतदान होगा। जिसमें बस्तर सम्भाग की 12 और दुर्ग सम्भाग, (राजनांदगांव- कवर्धा) की 8 सीटें शामिल हैं। पहली बार राज्य में किसी भी दल की कोई लहर नहीं देखी जा रही, आम मतदाता फिलहाल खामोश हैं। इस विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों ही दलों ने जनता के बीच घोषणाओं की बौछार लगा दी है। राज्य में विभिन्न मुद्दों के साथ किसान और धान इस चुनाव के मुख्य केन्द्र बिन्दु बन गए हैं। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में एकमुश्त 3100 रु. प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का ऐलान किया है। वहीं प्रति एकड 21 क्विंटल खरीदी करने की बात कही गई है। इसके अलावा भाजपा ने विभिन्न वर्गों के साथ ही मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना के तर्ज में छत्तीसगढ़ की महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये यानि की साल के 12000 रुपये देने का वादा किया है। वहीं कांग्रेस इस प्रतिस्पर्धा में आगे निकलते हुए 3200 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीदी का ऐलान किया है। कांग्रेस ने प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी करने की बात कही है। कुल मिलाकर भाजपा ने महिलाओं को साधने का प्रयास किया है, तो कांग्रेस 200 यूनिट तक बिजली फ़्री करने का वायदा कर मध्यम वर्गीय परिवारों को साधने का प्रयास किया है। कांग्रेस की ओर से फिर कर्जमाफ़ी का ऐलान किया गया है, तो वहीं भाजपा ने पिछला बोनस देने का वायदा किया है। ऐसे में आम मतदाता का झुकाव किस दल की ओर होगा फिलहाल कुछ कहा नहीं जा सकता। 2018 के चुनाव की बात करें तो इन 20 सीटो में से भाजपा के खाते में सिर्फ 2 ही सीट गई थी, जिसमें डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव से चुनाव जीतने में सफल हुए थे, वहीं दूसरी सीट भाजपा ने दंतेवाडा से जीता था बाद में भीमा मंडावी की नक्सल घटना में मौत होने के बाद दंतेवाडा भी कांग्रेस के खाते में चली गई। कुल मिलाकर वर्तमान में भाजपा के पास 20 में से सिर्फ एक सीट है, वह है राजनांदगांव। ऐसे में 2023 के इस विधानसभा चुनाव के पहले चरण में भाजपा की जबरजस्त बढत दिख रही है। कुल मिलाकर मुकाबला 20 सीटों में 50-50 का दिखाई दे रहा है।

दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

पहले चरण के 20 सीटों में राजनांदगांव से पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह और सीएम भूपेश बघेल के करीबी गिरीश देवांगन मैदान पर है। वहीं कवर्धा से मोहम्मद अकबर और विजय शर्मा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। कोण्ड़ागांव से भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेण्डी और पूर्व पीसीसी चीफ, मंत्री मोहन मरकाम के बीच नजदीकी मुकाबला होने के आसर है। चित्रकोट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मैदान पर है। वहीं कोंटा से मंत्री कवासी लखमा इस विधानसभा चुनाव में बुरी तरह से घिरते नजर आ रहे है। लखमा का मुकाबला भाजपा के सोयम मुका और सीपीआई के मनीष कुंजाम के बीच है। त्रिकोणीय मुकाबले में कवासी लखमा जमकर पसीने बहा रहे है। कांटे की टक्कर के बीच इस विधानसभा चुनाव में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *