बिलासपुर। जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का बहिष्कार करते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय से उठाई जा रही जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बिजली, पानी, सड़क, खाद-बीज सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक उनका निराकरण नहीं हुआ। उन्होंने पीएचई, कृषि, विद्युत और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से जवाब मांगते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
शुक्ला ने नगपुरा-झाल और मोहदा मार्ग के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि जब उन्होंने मंच से जनहित के मुद्दे उठाने शुरू किए तो उनका माइक बंद कर दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा।
ग्रामीणों ने उठाईं कई मांगें
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को बंद करने तथा अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा किसानों को समय पर बिजली, पानी और खाद-बीज उपलब्ध कराने, वृद्धजनों को नियमित पेंशन देने और पात्र हितग्राहियों को महतारी वंदन योजना की राशि समय पर जारी करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
नारेबाजी के बीच कार्यक्रम का बहिष्कार
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी से माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुशासन तिहार कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए शिविर स्थल छोड़ दिया। विरोध के चलते कुछ समय तक कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर विचार करने और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई, लेकिन ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।