विजय शर्मा ने 78.51 लाख रुपये के सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन

रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के अंतर्गत कबीरधाम जिले के ग्राम धरमपुरा और बिरकोना में कुल 78.51 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने भी सहभागिता निभाई। दोनों निर्माण कार्य भूमिपूजन के साथ ही प्रारंभ कर दिए गए।

धरमपुरा में 49.74 लाख और बिरकोना में 28.77 लाख रुपये होंगे खर्च

मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत ग्राम धरमपुरा में मानिकचौरी मुख्य मार्ग से धान खरीदी केंद्र एवं गौठान तक 49.74 लाख रुपये की लागत से 0.5 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क सह नाली का निर्माण किया जाएगा। वहीं, ग्राम बिरकोना में 28.77 लाख रुपये की लागत से 0.25 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क सह नाली बनाई जाएगी।

इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। साथ ही नालियों के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और गांवों में सड़क एवं नाली से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गांवों में विकास कार्यों को मिल रही गति

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में ग्राम बिरकोना में 1 करोड़ 2 लाख 96 हजार रुपये तथा ग्राम धरमपुरा में 1 करोड़ 24 लाख 7 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। दोनों गांवों में सैकड़ों प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण भी किया गया है, जिससे ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान की सुविधा मिली है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों में सड़क, नाली, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

85 स्कूलों में विद्यार्थियों को मिलेगी ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और करियर काउंसलिंग की पहल की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 85 स्कूलों में से अब तक 50 स्कूलों में स्क्रीन लगाई जा चुकी हैं। शेष 35 स्कूलों में भी स्क्रीन लगाने की योजना है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के सभी आठ छात्रावासों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस पहल के तहत प्रमुख ऑनलाइन शिक्षा संस्थान फिजिक्स वाला (Physics Wallah) के माध्यम से विद्यार्थियों को कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए बातचीत की गई है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें महंगी कोचिंग के लिए दूसरे शहरों में जाने की मजबूरी कम हो।

महिलाओं की भागीदारी को बताया महत्वपूर्ण

कार्यक्रम में तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गांवों की जरूरतों को समझकर विकास कार्यों को गति देना महत्वपूर्ण है। उन्होंने भूमिपूजन में माताओं-बहनों की भागीदारी को सराहनीय बताते हुए कहा कि महिलाओं की सहभागिता के बिना समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने विकास को निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री बीरेंद्र साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

धरमपुरा और बिरकोना में सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं से आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *