कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर पशुओं को देख भड़के विजय शर्मा, अधिकारियों को लगाई फटकार

रायपुर |  कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच पशुओं को बैठे देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नाराजगी जताई। मंगलवार देर रात कवर्धा जाते समय बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने अपना वाहन रुकवाकर अधिकारियों से हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार हाईवे पेट्रोलिंग वाहन द्वारा किए जा रहे नियमित निरीक्षण के बारे में जानकारी मांगी। अधिकारियों के जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर उन्होंने पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलवाया और अब तक किए गए पशु रेस्क्यू ऑपरेशन तथा प्रतिदिन किए जा रहे निरीक्षण की विस्तृत जानकारी ली।

पेट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश

विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कवर्धा से बेमेतरा तक पूरे मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे पशुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने स्थानीय लोगों के माध्यम से भी पेट्रोलिंग वाहन की गतिविधियों की नियमित जानकारी लेने के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हो सके।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हाईवे पर पशुओं की मौजूदगी से गौवंश के साथ-साथ वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। विशेषकर रात के समय कम दृश्यता के कारण दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा और गौवंश की रक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विजय शर्मा ने पेट्रोलिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *