रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर अंचल में राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 13 अगस्त को सुकमा जिले में आयोजित होने वाली इस यात्रा में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप शामिल होंगे।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मोटरसाइकिलों से निकाली जाने वाली यह यात्रा बस्तर के उन दुर्गम क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, तिरंगे और संविधान के प्रति सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
चिंगावरम से बीजापुर तक यात्रा
13 अगस्त को तिरंगा यात्रा चिंगावरम, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बुर्कापाल, मिनपा-टाड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर और टेकलगुड़ेम होते हुए आवापल्ली और बीजापुर पहुंचेगी। बीजापुर में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।
महिला बाइकर्स सहित बड़ी संख्या में युवा होंगे शामिल
यात्रा में महिला बाइकर्स की विशेष भागीदारी रहेगी। इसके अलावा स्थानीय युवा, स्वयंसेवी संगठन, महिला समूह, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड और जनप्रतिनिधि भी तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।
शहीदों की स्मृति में लगाए जाएंगे पौधे
यात्रा के दौरान शहीद स्थलों पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। प्रत्येक शहीद स्थल पर शहीद हुए लोगों की संख्या के अनुरूप पौधे लगाए जाने की योजना है। साथ ही युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रतिभाओं से संवाद कार्यक्रम भी होंगे।
नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा का संदेश
तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों को नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य बस्तर की बदलती तस्वीर को सामने लाना और यह संदेश देना है कि क्षेत्र अब विश्वास, शांति और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यात्रा के माध्यम से नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों और नागरिकों के बलिदान को भी नमन किया जाएगा।