VIDEO: बालोद के दिव्यांग आश्रम गृह ‘‘घरौंदा‘‘ में महिला एंव बाल विकास मंत्री भेड़िया ने किया प्रदेश का पहला स्वावलंबन केन्द्र का शुभारंभ, अनिला बोली: सरकार दिव्यांगो को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने का कर रही हैं कार्य-

बालोद- महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया ने कहा कि हमारे दिव्यांग भाई-बहन किसी भी स्थिति में समाज के अन्य व्यक्तियों से अपने को कमतर न आंके। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने दिव्यांगों को अप्रितिम प्रतिभा से नवाजा है। भेंडिया ने कहा कि ईश्वर ने प्रत्येक व्यक्तियों को कुछ कमियों के साथ खूबियाॅ भी दी है। हमारे दिव्यांगजन अपने मेहनत और लगन के बदौलत आज सफलता के झण्डे गाड़ रहे हैं। भेंडिया जिला मुख्यालय बालोद के पुराना अस्पताल के पास कुर्मीपारा में स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग आश्रम गृह ‘‘घरौंदा‘‘ में प्रदेश के पहले दिव्यांग स्वावलंबन केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रही थी। मंत्री भेंडिया कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थी। इस अवसर पर उन्होंने जिला मुख्यालय बालोद में प्रदेश के पहले दिव्यांग स्वावलंबन केन्द्र के शुभारंभ होने पर उपस्थित दिव्यांगजनों एवं जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाए दी। इस अवसर पर संजारी-बालोद की विधायक संगीता सिन्हा, नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष विकास चोपड़ा, जिला पंचायत सदस्य चंद्रप्रभा सुधाकर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

सरकार दिव्यांगो को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने का कर रही हैं कार्य- अनिला
भेंडिया ने राज्य शासन द्वारा दिव्यांगो के कल्याण हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के सभी वर्गों के साथ-साथ दिव्यांगो को भी स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ सरकार दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज में सम्मानपूर्वक जीवनयापन करने के लिए हर संभव उपाय सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय बालोद में आज शुभारंभ किए गए छत्तीसगढ़ के पहले स्वावलंबन केन्द्र हमारे दिव्यांगजनों के लिए अत्यंत लाभप्रद सिद्ध होगी। इस स्वावलंबन केन्द्र के माध्यम से दिव्यांगजन अपने रूचि के अनुसार प्रशिक्षण लेने के बाद आत्मनिर्भर बनकर समाज में सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकेंगे। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनों की उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाए दी।

मंत्री ने दिव्यांगजनो को चेक वितरण कर किया लाभान्वित-
विधायक  संगीता सिन्हा ने जिला मुख्यालय बालोद में प्रदेश के पहले स्वावलंबन केन्द्र के स्थापना को जिलेवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया को हृदय से धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगो में निहित प्रतिभा की सराहना भी की। विधायक सिन्हा ने दिव्यांगों के कल्याण हेतु राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी। नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष विकास चोपड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम को समाज कल्याण विभाग के सेवानिवृत्त उपसचिव राजेन्द्र तिवारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंत्री भेंडिया एवं अतिथियों ने दिव्यांगजनों को सामथ्र्य विकास योजना के अंतर्गत बैटरी चलित ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, क्षितिज-अपार संभावनाए अंतर्गत शिक्षा प्रोत्साहन राशि का चेक, मिशन गूंज अंतर्गत स्मार्ट फोन, सेंसर छड़ी, विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र और दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन राशि का चेक वितरण कर लाभान्वित किया। कार्यक्रम में एडीएम योगेन्द्र श्रीवास, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक नदीम काजी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित थे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *