VIDEO: मासूम को रौंदने के बाद भागा ट्रक चालक, दो बार बैरिकेड तोड़कर फरार होने की कोशिश; पुलिस ने पीछा कर पकड़ा

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में हिट एंड रन का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खेल रहे एक मासूम बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड भी दो बार तोड़ दिए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गुंडरदेही गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खेल रहे बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और ट्रक चालक को पकड़ने के लिए नाकेबंदी शुरू की गई।

पुलिस बैरिकेड तोड़कर भागा चालक

मोहला और मानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे। पुलिसकर्मी मौके पर तैनात थे, लेकिन आरोपी चालक ने ट्रक की रफ्तार कम नहीं की और पहली बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गया।

इसके बाद मानपुर थाना के बाहर भी पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन चालक ने वहां भी ट्रक से बैरिकेड तोड़ दिया और भागने लगा। इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

पीछा कर कोरकोट्टी के पास पकड़ा गया

पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा जारी रखा। कुछ दूर जाने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक को कोरकोट्टी गांव के पास पकड़ लिया।

फिलहाल आरोपी चालक पुलिस हिरासत में है। पुलिस यह जांच कर रही है कि चालक नशे में था या नहीं। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मासूम की मौत के बाद गुंडरदेही गांव में ग्रामीणों में आक्रोश है और मौके पर चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *