नई दिल्ली-सिकंदराबाद के बीच जल्द शुरू होगी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस, लंबी दूरी की यात्रा को मिलेगा नया विकल्प

नई दिल्ली | भारतीय रेलवे लंबी दूरी के यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा की तैयारी कर रहा है। देश की प्रीमियम सेवा वंदे भारत एक्सप्रेस का स्लीपर संस्करण अब जल्द ही नए रूटों पर शुरू किया जाएगा। इनमें सबसे प्रमुख रूटों में से एक नई दिल्ली-सिकंदराबाद वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस भी शामिल है।

रेलवे से जुड़े सूत्रों के अनुसार, देश के लगभग 9 प्रमुख मार्गों पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को शुरू करने की योजना अंतिम चरण में है। इनमें दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-चेन्नई, दिल्ली-हावड़ा, दिल्ली-पुणे और अन्य व्यस्त रूट शामिल हैं। कुछ रूटों पर सेवाएं अगस्त 2026 से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को विशेष रूप से रात के सफर को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें यात्रियों को एयरलाइन के बिजनेस क्लास जैसी सुविधाएं, बेहतर बर्थ डिजाइन, आधुनिक वॉशरूम और रियल-टाइम सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

रेलवे इस परियोजना के तहत ट्रैक अपग्रेडेशन और तकनीकी सुधारों पर भी तेजी से काम कर रहा है, ताकि इन ट्रेनों का संचालन उच्च गति और सुरक्षा मानकों के साथ किया जा सके।

दक्षिण भारत के यात्रियों के लिए यह रूट विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वर्तमान में नई दिल्ली-सिकंदराबाद मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस प्रमुख विकल्प है, लेकिन यात्रा समय लंबा होने के कारण यात्रियों को नई सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी।

वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क और अधिक तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद जताई जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *