उत्तर प्रदेश: पेपर लीक के कारण रद्द हुई अंग्रेजी की परीक्षा अब 13 अप्रैल को होगी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश बोर्ड इंटरमीडिएट की निरस्त हुई अंग्रेजी की परीक्षा अब 13 अप्रैल को आयोजित की जाएगी. परीक्षा 24 जिलों में सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक की शिफ्ट में आयोजित की जाएगी. इसके लिए सरकारी आदेश जारी कर दिया गया है. छात्रों को अब बुधवार 13 अप्रैल को री-एग्‍जम के लिए मौजूद रहना होगा. बता दें कि परीक्षा आज 30 मार्च को दूसरी शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से होने वाली थी. लेकिन उससे पहले ही अंग्रेजी का पर्चा लीक हो गया, जिसके कारण 24 जनपदों में एग्‍जाम रद्द कर दिया गया. बोर्ड ने आज ही एग्‍जाम की नई तारीख भी जारी कर दी.

पेपर लीक के मामले में बलिया के DIOS को निलंबित भी कर दिया गया है. ACS माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने कहा है कि मामले की तफ्तीश कराई जाएगी. सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों के साथ बैठक में कहा कि पेपर लीक करने वालों की शिनाख्त कर सख्त से सख्त कार्रवाई हो. NSA लगाया जाए और STF अपनी जांच में जल्द अपराधियों की पहचान करे.

बताया जा रहा है कि पेपर बलिया से लीक हुए है. प्रशासन दोषियों पर शिकंजा कसने के लिए तेजी से छानबीन कर रहा है. इसके साथ ही बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा की नई डेट जारी कर दी गई है. आराधना शुक्‍ला ने अपने बयान में बताया था कि पेपर लीक जैसे मामलों में बच्‍चों की कोई गलती नहीं होती, इसलिए शिक्षा विभाग पूरा प्रयास करेगा कि छात्रों के साथ कोई अन्‍याय न हो.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *