US टैरिफ कट: कृषि और औद्योगिक उपकरण सस्ते, भारत बाहर

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ नीति में बड़ा बदलाव करते हुए कृषि और औद्योगिक उपकरणों पर आयात शुल्क 25% से घटाकर 15% करने का ऐलान किया है। यह अस्थायी राहत दिसंबर 2027 तक लागू रहेगी। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देना, उत्पादन लागत कम करना और अमेरिकी अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों को मजबूती देना है।

नई व्यवस्था के तहत हार्वेस्टर, कंबाइन और अन्य कृषि मशीनरी समेत कई औद्योगिक उपकरणों को कम टैरिफ दर का लाभ मिलेगा। व्हाइट हाउस के अनुसार, यह कदम अल्पकालिक निवेश को गति देने और अमेरिका के औद्योगिक आधार को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।

ट्रंप प्रशासन ने घरेलू स्टील और एल्यूमीनियम की मांग बढ़ाने के लिए एक अतिरिक्त प्रोत्साहन योजना भी शुरू की है। इसके तहत विदेशी निर्माता 10% तक की कम टैरिफ दर का लाभ उठा सकेंगे, बशर्ते उनके आयातित उपकरणों में कम से कम 85% स्टील या एल्यूमीनियम अमेरिका में निर्मित हो।

हालांकि भारत के लिए इस फैसले में कोई राहत नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टैरिफ कटौती का लाभ केवल उन देशों को मिलेगा जिनके साथ अमेरिका का व्यापार समझौता लागू है। चूंकि भारत और अमेरिका के बीच अभी तक प्रस्तावित व्यापार समझौते को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है, इसलिए भारतीय निर्यातकों को इस कटौती का फायदा नहीं मिल पाएगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका के इस कदम से वैश्विक व्यापार को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन भारत को लाभ पाने के लिए अमेरिका के साथ लंबित व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देना होगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *