नई दिल्ली | हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अपने एक गाने को लेकर विवादों में घिर गई है। फिल्म के क्लाइमेक्स में इस्तेमाल किए गए ‘शूरवीर’ गाने को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि महाराणा प्रताप की वीरता को समर्पित इस गीत का इस्तेमाल फिल्म में गैंगस्टर और आपराधिक किरदारों के संदर्भ में किया गया है, जिससे इसके मूल भाव और सांस्कृतिक महत्व का गलत चित्रण होता है।
गाने के इस्तेमाल पर उठे सवाल
प्रशांत कुमार सिंह की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया है कि ‘शूरवीर’ गीत मूल रूप से राजस्थान के वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की वीरता और महानता को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से बनाया गया था। याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म के क्लाइमेक्स में इसे काल्पनिक गैंगस्टरों और आपराधिक किरदारों के साथ दिखाने से गीत के मूल उद्देश्य और भावनाओं को ठेस पहुंचती है।
सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर दी गई दलील
याचिकाकर्ता का कहना है कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाले गीत को अपराधियों के संदर्भ में इस्तेमाल करने से लोगों के बीच एक गलत जुड़ाव बन सकता है। PIL में तर्क दिया गया है कि इससे महाराणा प्रताप की ऐतिहासिक विरासत और गीत से जुड़े सांस्कृतिक भाव का गलत अर्थ निकाला जा सकता है।
‘शूरवीर’ हटाने या बदलने की मांग
याचिका में दिल्ली हाई कोर्ट से फिल्म के क्लाइमेक्स से ‘शूरवीर’ गाने को हटाने या उसकी जगह किसी अन्य गीत का इस्तेमाल करने का निर्देश देने की मांग की गई है। इसके अलावा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों से जुड़े गीतों के फिल्मों में इस्तेमाल को लेकर उचित दिशानिर्देश बनाने की मांग भी की गई है।
राजेंद्र राठौड़ ने भी जताई थी आपत्ति
इस विवाद के बीच राजस्थान के भाजपा नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भी ‘शूरवीर’ गाने के इस्तेमाल पर आपत्ति जता चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के अध्यक्ष को पत्र लिखकर फिल्म से गाना हटाने की मांग की थी।
राठौड़ ने आरोप लगाया कि महाराणा प्रताप को समर्पित गीत को गैंगस्टर, नशेड़ी और अन्य आपराधिक किरदारों वाले दृश्यों के साथ दिखाना आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि वीरता, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभूमि के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों को अपराध और गैंग संस्कृति से जोड़ना उचित नहीं है।
फिलहाल ‘शूरवीर’ गाने को लेकर विवाद अदालत तक पहुंच चुका है। अब इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट की सुनवाई और संभावित आदेश पर सभी की नजरें हैं।