बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल में महज 200 रुपये के बिल को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ की स्थिति बन गई। आरोप है कि इलाज कराने पहुंचे युवकों ने चाकू लहराकर अस्पताल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को धमकाया।
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सिरगिट्टी पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बोरी फैक्ट्री के पास तिफरा निवासी नारायण मिश्रा अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 15 जून की रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे।
इलाज के बाद दोनों युवकों का 200 रुपये के बिल को लेकर अस्पताल कर्मचारियों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देख गार्ड नारायण मिश्रा ने दोनों को समझाने की कोशिश की।
आरोप है कि युवकों ने गार्ड के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते एक युवक ने जेब से धारदार चाकू निकालकर लहरा दिया। उन्होंने गार्ड को जान से मारने की धमकी भी दी।
हंगामे के बाद दोनों युवक मौके से निकल गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।