दिशा समिति की बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के सख्त निर्देश, विकास कार्य समय-सीमा में पूरे करने पर जोर

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । सांसद लोकसभा क्षेत्र बिलासपुर एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू की अध्यक्षता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

महिलाओं की आजीविका बढ़ाने पर जोर

ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान श्री साहू ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर महिलाओं की आय बढ़ाने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूरा कराने तथा हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बन रहे संपर्क मार्गों में आ रही बाधाओं का विभागीय समन्वय से शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।

विष्णुभोग धान-चावल को मिलेगी नई पहचान

श्री साहू ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को स्थानीय उत्पादों से अधिक लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने, प्रसंस्करण और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नगरीय क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा स्वच्छता सर्वेक्षण से जुड़ी वास्तविक और अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया।

सिंचाई, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष फोकस

जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए सघन टीकाकरण अभियान चलाने, कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।

श्री साहू ने जिले में शत-प्रतिशत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी विशेष जोर दिया।

लंबित राजस्व मामलों का जल्द हो निराकरण

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त अधिकांश प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित हैं। उन्होंने कलेक्टर को नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षा विभाग को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन की स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। बोर्ड परीक्षाओं में जिले के परिणाम को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।

46 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण

बैठक में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले में 64 हजार 174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं और वर्ष 2026-27 में अब तक 9 लाख 96 हजार मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। बिहान समूह से जुड़ी 18 हजार 148 महिलाएं लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 आवास पूर्ण हो चुके हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36 हजार 924 हितग्राहियों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।

53 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ बोनी

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 में निर्धारित 58 हजार 693 हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले अब तक 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है।

जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां 23 हजार 993 बच्चे दर्ज हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है।

69 हजार से अधिक घरों में पहुंचा नल का पानी

आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में अब तक 3 लाख 16 हजार 675 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष पात्र लोगों के कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। कुल 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 808 घरों में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जिनमें 55 हजार 800 कनेक्शन क्रियाशील हैं।

बैठक में विधायक कोटा श्री अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, विभिन्न नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *