नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के विकास मार्ग स्थित शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में सोमवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद प्रशासन और दमकल विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। समय रहते पूरी इमारत को खाली करा लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार सुबह करीब 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और बाद में कूलिंग का कार्य भी जारी रखा गया।
फायर ऑफिसर सोमबीर सिंह ने बताया कि आग अब पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना के दौरान पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कर्मचारियों और मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे थाना आईपी एस्टेट को स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) परिसर में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि SPA में कार्यरत मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) कर्मचारी सौरभ शर्मा ने फैकल्टी रूम से धुआं और आग निकलते देख पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी।
घटनास्थल पर दमकल की 8 गाड़ियों के अलावा 3 एम्बुलेंस, 2 पीसीआर वैन, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
इसी बीच राजधानी में आग लगने की एक और घटना सामने आई। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर स्थित इंदिरा विहार इलाके में एक पीजी भवन में रविवार रात आग लग गई। दमकल विभाग को रात 10:29 बजे सूचना मिली, जिसके बाद पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग ग्राउंड फ्लोर पर रखे बिजली के सामान में लगी और दूसरी मंजिल तक फैल गई। हालांकि इस घटना में भी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।