रायपुर में आज से दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला, युवाओं को मिलेंगे नौकरी के अवसर

रायपुर । प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज से रायपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले की शुरुआत हो रही है। रोजगार विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा 7 और 8 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के तहत इस रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

रोजगार मेला बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे होगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर

राज्य स्तरीय रोजगार मेले का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। मेले में विभिन्न क्षेत्रों और प्रतिष्ठानों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी युवाओं को दी जाएगी।

इसके साथ ही युवाओं की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के अनुरूप नियोजन के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। रोजगार विभाग ने प्रदेश के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

8 अक्टूबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, राम विचार नेताम, दयाल दास बघेल, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओ.पी. चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, राजेश अग्रवाल और गजेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी।

इसके अलावा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और इंद्र कुमार साहू भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल की भी उपस्थिति रहेगी।

युवाओं से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील

रोजगार विभाग के मुताबिक यह मेला युवाओं को सीधे रोजगार के अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विभिन्न कंपनियों और प्रतिष्ठानों में उपलब्ध पदों की जानकारी के साथ युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिल सकेगा।

विभाग ने पात्र युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर नौकरी और करियर से जुड़े अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *