छत्‍तीसगढ़ में अनफिट वाहनों पर परिवहन विभाग सख्त, 30 दिन में कटा 17600 चालान

रायपुर, छत्‍तीसगढ़ में अनफिट वाहनों पर सख्ती शुरू हो गई है। एक महीने के भीतर 19 टोल नाकों से गुजरने वाले 40 लाख 48 हजार वाहनों में से 17 हजार 686 वाहनों का चालान ई-डिटक्शन सिस्टम से काटा जा चुका है, वहीं फिटनेस, दस्तावेज आदि को लेकर कुल 47 हजार 70 वाहनों की जांच की गई है।

परिवहन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए छत्‍तीसगढ़ के टोल नाकों पर आटोमेटिक ई-डिटक्शन सिस्टम लागू किया गया है। यहां आटोमेटिक नंबर प्लेट रिकागनेशन (एएनपीआर) कैमरा लगाया गया है, जिसके जरिए वाहनों को आनलाइन चालान भेजा जा रहा है।

अनफिट वाहनों के आंंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश में दो लाख 66 हजार 628 वाहन बिना फिटनेस के फर्राटा मार रहे हैं। बिना फिटनेस के सड़कों पर दौड़ रहे सड़क सुरक्षा को लेकर भी खतरा बने हुए हैं। ऐसे वाहनों पर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है।

छत्‍तीसगढ़ सरकार के परिवहन विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल गेट को ई-डिटक्शन सिस्टम से जोड़ा है। साफ्टवेयर की मदद से अनफिट वाहनों की जानकारी टोल नाके में तैनात कर्मचारियों को मिल रही है। इसके जरिए चालानी कार्रवाई जारी है। प्रदेश में वर्तमान में 19 टोल नाकों पर ई-डिटक्शन सिस्टम लागू किया जा चुका है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *