प्रशिक्षु IAS अधिकारियों ने सीएम विष्णुदेव साय से की मुलाकात, मुख्यमंत्री ने बताया- जनसेवा ही प्रशासनिक सेवा का सर्वोच्च उद्देश्य

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को उनकी सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा का मुख्य उद्देश्य जनसेवा है। उन्होंने कहा कि एक अधिकारी के निर्णय हजारों लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए प्रत्येक निर्णय में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अधिकारियों को संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए तथा आमजन के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान तभी सार्थक है जब उसका उपयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में किया जाए। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को संभावनाओं से भरपूर राज्य बताते हुए यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विशेषताओं का उल्लेख किया।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने इस दौरान अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए और बताया कि उन्हें बस्तर और सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर स्थानीय जनजीवन, संस्कृति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समझने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और लोगों की आत्मीयता ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *