चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में चालक और परिचालक समेत 7 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 11 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक समेत करीब 22 लोग सवार थे। देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर पहुंचते ही चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस कई फीट नीचे जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों को सिविल अस्पताल तीसा भेजा गया है।
मौसम खराब होने से रेस्क्यू में परेशानी
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। बस के मलबे में कुछ और यात्रियों के दबे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन और स्थानीय लोग बस को सीधा करने तथा यात्रियों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं।
हादसे में मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की विस्तृत पहचान की प्रक्रिया जारी है।