स्कूलों में चला यातायात एवं साइबर जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिए सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश

तिल्दा सिमगा  | सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सिमगा यातायात पुलिस द्वारा सोमवार को यातायात जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल दामाखेड़ा एवं बनसंकरा स्कूल में विद्यार्थियों को यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में यातायात पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पार करते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करने की समझाइश दी।

साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।इस दौरान सिमगा यातायात थाना के सहायक उप निरीक्षक जागेश्वर ध्रुव ने साइबर ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, सीवीवी या पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। विद्यार्थियों ने अभियान में रुचि लेकर अधिकारियों से विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका समाधान किया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *