मंगसा गांव से इंजन और ट्रॉली सहित ट्रैक्टर चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज

तिल्दा-नेवरा। धरसींवा थाना क्षेत्र की सिलयारी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम मंगसा में अज्ञात चोरों ने तालाब किनारे खड़े ट्रैक्टर को इंजन और ट्रॉली सहित चोरी कर लिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बावजूद ट्रैक्टर का कोई सुराग नहीं मिलने पर वाहन मालिक के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मंगसा निवासी लुकेश साहू के पिता परदेशीराम साहू के नाम पर ट्रैक्टर क्रमांक CG 04 MP 5578 पंजीकृत है। घर में ट्रैक्टर खड़ा करने की पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण परिवार के सदस्य इसे गांव के कृष्णा बांध तालाब के पार अजय वर्मा के कोठार के सामने खड़ा करते थे।

बताया गया कि 18 नवंबर को लुकेश के छोटे भाई दीपक साहू ने ट्रैक्टर को इंजन और ट्रॉली सहित दोपहर करीब 3 बजे उक्त स्थान पर खड़ा किया था। 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे तक ट्रैक्टर वहां मौजूद था। लेकिन 23 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे जब परिजन मौके पर पहुंचे तो ट्रैक्टर गायब मिला।

इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन चोरी हुए ट्रैक्टर का कोई पता नहीं चल सका।

ट्रैक्टर का इंजन और चेसिस नंबर

चोरी हुए ट्रैक्टर का इंजन नंबर 39.1354/GK009277A तथा चेसिस नंबर WSTK35625097511 बताया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध

मामले में लुकेश साहू की रिपोर्ट पर 24 नवंबर 2026 को पुलिस चौकी सिलयारी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा चोरी हुए ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *