रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने नया रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आम नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं, जनहित से जुड़े मुद्दों, विकास कार्यों और नागरिकों से प्राप्त सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं, स्थानीय समस्याओं और विकास से संबंधित विषयों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री श्री अग्रवाल ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनता से सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण विशेषता है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मिलने वाले सुझाव शासन की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा विकास कार्यों को जनअपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों और जनजातीय परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटन स्थलों का विकास, पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री ने प्रदेश की लोककला, लोकसंस्कृति, पारंपरिक उत्सवों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों और पर्यटन से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करना प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास जनभागीदारी, आपसी समन्वय और सकारात्मक संवाद से ही संभव है। आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करना सरकार एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने जनहित से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद बनाए रखने और विकास कार्यों को जनआकांक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।