बदहाल सड़कों और पेयजल समस्याओं के खिलाफ शिवरीनारायण में आज पूर्ण बंद, व्यापारी संघ का बड़ा ऐलान

शिवरीनारायण |  छत्तीसगढ़ की पवित्र नगरी शिवरीनारायण में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। नगर की जर्जर सड़कों, बजबजाती नालियों, धूल की समस्या और अनियमित पेयजल आपूर्ति जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान न होने के कारण शिवरीनारायण व्यापारी संघ ने 25 सितंबर 2026 को पूर्ण नगर बंद का आह्वान किया है। इस बंद को नगर के सराफा संघ और सब्जी व्यवसायी संघ समेत कई अन्य संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया है।

प्रमुख समस्याएं और व्यापारियों का आक्रोश

व्यापारी संघ का कहना है कि प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकला है:

  • जर्जर सड़कें और गड्ढे: वर्तमान में शिवरीनारायण-गिधौरी मार्ग, केरा मार्ग और खैरताल मार्ग अत्यंत दयनीय स्थिति में हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

  • धूल और गंदगी की समस्या: शहर का अधिकांश हिस्सा धूल के गुबार से घिरा रहता है। इसके अलावा नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण वे बजबजा रही हैं, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।

  • पेयजल की गंभीर समस्या: कुछ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के दौरान नालियों का गंदा पानी आने की शिकायतें सामने आ रही हैं, और पानी की सप्लाई भी नियमित नहीं है। अमृत जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, लेकिन मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं।

त्योहारों से पहले प्रशासन की उदासीनता पर सवाल

व्यापारियों ने चिंता जताई है कि आगामी दिनों में नवरात्रि महोत्सव, मेला, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं। ऐसे समय में नगर की सड़कें बदहाल होने के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं, आम नागरिकों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासनिक स्तर पर पूर्व में एसडीएम भावना साहू और तहसीलदार के समक्ष तथा बीते मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के चलते व्यापारियों को अंततः 25 सितंबर को शिवरीनारायण बंद का यह कड़ा कदम उठाना पड़ा है। व्यापारी संघ ने आम जनता से भी इस बंद को सफल बनाने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *