राज्यसभा से टीएमसी सांसद कोयल मल्लिक का इस्तीफा, तीन महीने पहले ही बनी थीं सांसद

नई दिल्ली | पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को एक और राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को सौंप दिया।

कोयल मल्लिक अप्रैल 2026 में ही टीएमसी के टिकट पर राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं। महज तीन महीने के भीतर उनके इस्तीफे ने राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

टीएमसी के लिए लगातार चौथा झटका

कोयल मल्लिक राज्यसभा से इस्तीफा देने वाली टीएमसी की चौथी सांसद बन गई हैं। इससे पहले सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी पार्टी छोड़ चुके हैं। इन नेताओं में से कुछ बाद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो चुके हैं।

इस्तीफे की वजह स्पष्ट नहीं

फिलहाल कोयल मल्लिक ने अपने इस्तीफे के पीछे कोई कारण सार्वजनिक नहीं किया है। राज्यसभा के सभापति को सौंपे गए पत्र में भी उन्होंने इस्तीफे की वजह का उल्लेख नहीं किया है।

हालांकि, राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस्तीफे के बाद उन्हें दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव के आवास पर देखा गया, जिससे उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अभिनेत्री से बनीं सांसद

कोयल मल्लिक, जिनका वास्तविक नाम रुक्मिणी मल्लिक है, बंगाली फिल्म उद्योग की प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं। वह दिग्गज अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी हैं। वर्ष 2003 में उन्होंने टॉलीवुड में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की और कई सफल फिल्मों के जरिए लोकप्रियता हासिल की।

उनके इस्तीफे को पश्चिम बंगाल की राजनीति में टीएमसी के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *