तिग्मांशु धूलिया का ‘धुरंधर’ पर बड़ा हमला, बोले- ‘एक अंडरकवर स्पाई पाकिस्तान गया, तबाही मचा दी… ये कोई कहानी है?’

मुंबई। नेशनल अवॉर्ड विनिंग अभिनेता-निर्देशक तिग्मांशु धूलिया ने रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिस पर सोशल मीडिया में बहस छिड़ गई है। तिग्मांशु ने फिल्मों में बढ़ते कमर्शियल फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजकल फिल्मों से कहानियां खत्म होती जा रही हैं।

इन दिनों अपनी फिल्म ‘घमासान’ के प्रमोशन में जुटे तिग्मांशु धूलिया ने एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के एक कार्यक्रम में फिल्मों के कमर्शियलाइजेशन पर अपनी राय रखी। उन्होंने ‘पुष्पा’, ‘केजीएफ’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन फिल्मों में एक जैसा टेम्पलेट देखने को मिलता है।

‘धुरंधर’ की कहानी बताना मुश्किल- तिग्मांशु

तिग्मांशु ने कहा कि उन्हें ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट पसंद आया था और फिल्म काफी इंगेजिंग थी। गानों के इस्तेमाल की भी उन्होंने तारीफ की। हालांकि, उन्होंने फिल्म की कहानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए।

उन्होंने कहा कि अगर किसी से ‘धुरंधर’ की कहानी पूछी जाए तो वह इसे ठीक से बता नहीं पाएगा। उनके मुताबिक, फिल्म की कहानी बस इतनी है कि एक आदमी अंडरकवर स्पाई बनकर पाकिस्तान जाता है और वहां तबाही मचा देता है। तिग्मांशु ने सवाल किया कि क्या इसे पूरी तरह कहानी कहा जा सकता है?

‘फिल्मों में कहानियां खत्म हो चुकी हैं’

तिग्मांशु धूलिया ने आगे कहा कि आज के दौर में कहानी कहने वाले कम हो गए हैं और जो लोग अलग तरह की कहानियां कहना चाहते हैं, उन्हें फिल्म बनाने का मौका नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि मेकर्स को अक्सर लगता है कि ऐसी फिल्में दर्शकों के बीच नहीं चलेंगी।

उन्होंने फिल्मों में बढ़ते कॉर्पोरेट कल्चर और पूंजीवाद को भी इसका एक कारण बताया। उनके मुताबिक, इसका असर सिर्फ फिल्मों पर नहीं बल्कि लोगों और शहरों की एक जैसी होती शक्ल में भी दिखाई देता है।

सोशल मीडिया पर बंटे दर्शक

तिग्मांशु धूलिया के बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग उनके तर्क से सहमत नजर आ रहे हैं, जबकि एक वर्ग का कहना है कि तिग्मांशु ने जानबूझकर ‘धुरंधर’ को निशाना बनाया है। खास बात यह है कि तिग्मांशु खुद फिल्म के पहले पार्ट की तारीफ कर चुके हैं।

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का जलवा

विवाद के बीच ‘धुरंधर’ की बॉक्स ऑफिस सफलता से इनकार नहीं किया जा सकता। आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म के पहले पार्ट ने करीब 1307 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, ‘धुरंधर 2’ ने करीब 1813 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसके साथ ही यह आमिर खान की ‘दंगल’ के बाद भारतीय सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *