रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ पड़ सकती हैं बौछारें

RAIPUR; राजधानी में शुक्रवार को दिन में हल्के बादल रहेंगे। इस वजह से दिन का तापमान कम रहेगा। शाम-रात में नमी बढ़ने पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। प्रदेश के अन्य कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। नमी के कारण राजधानी में भी पिछले दो दिन से मौसम ठंडा है। गुरुवार को दिनभर आसमान में हल्के बादल रहे।

शाम को तेज ठंडी हवा चलने लगी और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार को नमी की मात्रा बढ़ जाएगी। इससे प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन राजधानी में दोपहर को हल्के बादल ही रहेंगे। आउटर में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है।

शहर के भीतर और आसपास शाम-रात में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। गुरुवार को रायपुर में दिन का तापमान 30.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं रात का तापमान भी 24 डिग्री के आसपास रहा। यह नॉर्मल से तीन ज्यादा है। शुक्रवार को रायपुर में दिन का पारा 36 और रात में 24 के आसपास रहने की संभावना है।

बिलासपुर में 30 डिग्री रहा तापमान

पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के असर से बिलासपुर में गुरुवार को सुबह के समय अधिकांश इलाकों में जहां बूंदाबांदी हुई, वहीं कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हुई। इसके असर से इस सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान 30 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं यह सामान्य से पूरे पांच डिग्री अधिक रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *