रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के लिए ये साल काफी शानदार रहा है। जहां एक तरफ ये दोनों इसी साल शादी के बंधन में बंधे, तो वहीं 9 सितंबर 2022 को रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ ने भी बायकॉट ट्रेंड के बावजूद भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार बिजनेस किया। अब हाल ही में आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की जिंदगी में एक और खुशी ने दस्तक दी है। बीते 6 नवंबर 2022 को आलिया भट्ट ने मुंबई के एक अस्पताल में बेबी गर्ल को जन्म दिया है। अपनी इस खुशी को खुद आलिया ने अपने फैंस के साथ शेयर किया, जिसके बाद उन्हें बॉलीवुड से तो बधाई मिली ही, लेकिन उनकी हॉलीवुड फिल्म ‘हार्ट ऑफ स्टोन’ की को-स्टार ने भी एक्ट्रेस के लिए ढेर सारा प्यार भेजा।
गंगूबाई काठियावाड़ी, डार्लिंग्स और ब्रह्मास्त्र जैसी कई सुपरहिट फिल्में देने के बाद अब आलिया भट्ट जल्द ही हॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। वह टॉम हार्पर की फिल्म ‘हार्ट ऑफ स्टोन’ से अब हॉलीवुड सिनेमा में अपने अभिनय का डंका बजाने की तैयारी कर रही हैं। इस फिल्म में उनके साथ गैल गैडोट, जेमी डोर्नन, सोफी ओकोनेडो, मैथियास श्वेघोफर सहित कई बड़े स्टार्स नजर आएंगे। यह एक स्पाय एक्शन थ्रिलर है, जिसमें आलिया का किरदार काफी दिलचस्प होने वाला है। हाल ही में एक्ट्रेस ने फिल्म से अपना पहला लुक शेयर किया था। ‘हार्ट ऑफ स्टोन’ 2023 में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।